दिल्ली में इतिहास रचा: 35,000 कलाकारों ने 10 किमी लंबी कैनवास पेंटिंग बनाकर बनाया विश्व रिकॉर्ड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली: नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने सेवा पर्व के अंतर्गत राजधानी दिल्ली को एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बनाया। “विकसित भारत के रंग, कला के संग” विषय पर आयोजित कला महोत्सव में 35,000 से ज़्यादा कलाकारों और छात्रों ने एक साथ 10 किलोमीटर लंबी लाइव कैनवास पेंटिंग बनाकर नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया।

यह आयोजन एनडीएमसी ने त्रिवेणी कला संगम और दिल्ली विश्वविद्यालय के सहयोग से कर्तव्य पथ स्थित लॉन में किया। इस मौके पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा, सांसद बांसुरी स्वराज और मनोज तिवारी समेत कई गणमान्य हस्तियाँ मौजूद रहीं।

नेताओं ने सराहा युवाओं का उत्साह…. 

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि “कर्तव्य पथ पर आज का नज़ारा कल्पना से परे था। हज़ारों युवा विकसित भारत के रंग अपने सपनों के साथ कैनवास पर उकेर रहे थे। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा पर्व के दौरान एक अनूठी कला यात्रा है।”

संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि “यह केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि भविष्य के संकल्प को मजबूत करने का प्रयास है। कला जीवन में ऊर्जा भरती है और आज हज़ारों युवाओं की रचनात्मकता इसका प्रमाण है।”

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे “एकता और सेवा पर्व का ऐतिहासिक उत्सव” बताया। वहीं, संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने टीम एनडीएमसी की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन कलाकारों की प्रतिभा का भव्य संगम है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि “देशभर से आए कलाकारों ने राजधानी में अपने सपनों का भारत चित्रित किया है। यह कला महोत्सव न केवल रचनात्मकता का संगम है, बल्कि सेवा पर्व के माध्यम से कर्तव्यों की याद दिलाने वाला प्रेरणास्रोत भी है।”

पुराना रिकॉर्ड टूटा, नया इतिहास बना… 

एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने जानकारी दी कि पहले 2014 में पनामा में 5,084 कलाकारों ने सबसे बड़ी लाइव पेंटिंग का रिकॉर्ड बनाया था। लेकिन आज, 35,000 से अधिक प्रतिभागियों ने 10 किलोमीटर लंबे कैनवास पर चित्रकारी कर उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया विश्व कीर्तिमान स्थापित कर दिया।
इस आयोजन में देशभर के वरिष्ठ और प्रतिष्ठित कलाकारों ने भाग लिया, जिनमें पद्मश्री और पद्म विभूषण विजेता भी शामिल थे। जतिन दास, अद्वैत गडनायक, राम किशन छिपा, शांति देवी, परेश राठवा जैसे नामचीन कलाकारों को मंच पर सम्मानित भी किया गया।

कला के रंगों से सजा कर्तव्य पथ… 

कर्तव्य पथ का विशाल लॉन आज रंगों और कल्पनाओं से सज गया। हज़ारों छात्रों और कलाकारों ने एक साथ जब “विकसित भारत” का स्वप्न कैनवास पर उतारा, तो यह आयोजन एक विश्व रिकॉर्ड ही नहीं, बल्कि कला और सेवा की एक अद्भुत यात्रा बन गया।

Leave a Comment

और पढ़ें