रियो डी जनेरियो, ब्राजील: ब्राजील की सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो को 27 साल और तीन महीने की जेल की सजा सुनाई है। उन पर 2022 में चुनाव हारने के बाद सत्ता में बने रहने के लिए तख्तापलट की साजिश रचने का आरोप था। कोर्ट के पांच जजों में से चार ने बोल्सोनारो को पांच अपराधों में दोषी ठहराया, जिनमें शामिल हैं — आपराधिक संगठन में शामिल होना, लोकतंत्र को उखाड़ फेंकने की कोशिश, तख्तापलट की साजिश रचना, सरकारी संपत्ति और धरोहर को नुकसान पहुंचाना। केवल एक जज ने उन्हें बरी करने के पक्ष में वोट दिया। यह ऐतिहासिक फैसला है क्योंकि ब्राजील के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी पूर्व राष्ट्रपति को लोकतंत्र पर हमला करने का दोषी ठहराया गया।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया…
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस फैसले की तीव्र प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इसे “विच हंट” यानी राजनीतिक साजिश करार दिया। वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी इसे राजनीतिक उत्पीड़न बताया और चेतावनी दी कि अमेरिका इसका जवाब देगा। बोल्सोनारो के बेटे और ब्राजील के सांसद एडुआर्डो बोल्सोनारो ने इसे तानाशाही की शुरुआत बताया और कहा कि वे अमेरिका से और प्रतिबंधों की उम्मीद रखते हैं। एडुआर्डो ने पहले अमेरिका में राष्ट्रपति ट्रम्प और ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट से मुलाकात कर अपने पिता के खिलाफ मुकदमे को रोकने के लिए समर्थन जुटाने की कोशिश की थी। अमेरिका ने ब्राजील के सामानों पर 50% टैरिफ भी लागू किया हुआ है।
इस फैसले के बाद ब्राजील की राजनीति में बड़ा तूफ़ान मचना तय है और देश में लोकतंत्र और सत्ता संतुलन पर बहस और तेज होने की संभावना है।
