नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए अपनी प्रमुख महिला समृद्धि योजना का नाम ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ रख दिया है। इस योजना के तहत 21 से 60 वर्ष की आयु वाली पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना का लाभ पारदर्शी, सरल और समयबद्ध तरीके से पात्र महिलाओं तक पहुंचे। रक्षाबंधन के आसपास योजना शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बयान…
मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण विकसित भारत की आधारशिला है। दिल्ली सरकार ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के माध्यम से राजधानी की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत, आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन देने के लिए प्रतिबद्ध है। जब घर की महिला आर्थिक रूप से सशक्त होगी, तब परिवार, समाज और राष्ट्र तीनों की प्रगति होगी।”
योजना की प्रमुख पात्रता शर्तें…
आयु: 21 से 60 वर्ष
निवास: महिला या परिवार कम से कम 10 वर्ष से दिल्ली का निवासी
आय: परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए
एक परिवार में: केवल एक महिला (सबसे बड़ी) को लाभ
अन्य शर्तें:
आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होना चाहिए
पहले से किसी सरकारी पेंशन या नियमित आर्थिक सहायता योजना का लाभ नहीं ले रही हो
परिवार के पास चार पहिया वाहन नहीं होना चाहिए
योजना का उद्देश्य
दिल्ली सरकार का अनुमान है कि इस योजना से राजधानी की लाखों जरूरतमंद महिलाओं को लाभ मिलेगा। इससे महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ेगी, परिवारों की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और समाज में महिला सशक्तिकरण को नई गति मिलेगी।
दिल्ली लक्ष्मी योजना महिलाओं के सम्मान, आत्मविश्वास और आर्थिक स्वावलंबन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।












