नई दिल्ली, 13 जुलाई 2026: दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक समावेशी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने आज द्वारका स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल (IGH) में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष जेरियाट्रिक ओपीडी (सीनियर सिटीजन्स ओपीडी) का उद्घाटन किया।
यह समर्पित ओपीडी 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को प्राथमिकता आधार पर आसान पंजीकरण, त्वरित डायग्नोस्टिक सेवाएं और विभिन्न स्पेशलिटी में तुरंत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। उद्देश्य है बुजुर्ग मरीजों को बिना किसी परेशानी के सम्मानजनक और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना।
उद्घाटन समारोह में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के साथ सांसद कमलजीत सहरावत, अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. नवनीत कुमार गोयल, वरिष्ठ चिकित्सक और फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।
अस्पताल का निरीक्षण और मरीजों से संवाद
उद्घाटन के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल की विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने हाइड्रोथेरेपी यूनिट, इमरजेंसी विभाग और जनरल मेडिसिन सहित प्रमुख विभागों का दौरा किया। मरीजों, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।
मंत्री ने अस्पताल प्रशासन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए किए गए विशेष इंतजामों की सराहना की, जिसमें अलग रजिस्ट्रेशन काउंटर, समर्पित ओपीडी, एक्स-रे, इंजेक्शन रूम और फिजियोथेरेपी सेवाओं में प्राथमिकता शामिल है।
मंत्री का बयान
इस अवसर पर डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा,
“हमारी सरकार एक ऐसे स्वास्थ्य तंत्र का निर्माण करने के लिए प्रतिबद्ध है जहां हर सीनियर सिटिजन को समय पर, सुलभ और सम्मानजनक चिकित्सा देखभाल मिले। हमारे बुजुर्गों ने अपना पूरा जीवन परिवार और समाज के लिए समर्पित किया है, अब यह हमारी जिम्मेदारी है कि उनके बुढ़ापे में उन्हें सर्वोत्तम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। इंदिरा गांधी अस्पताल में शुरू की गई यह विशेष ओपीडी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।”
मंत्री ने अस्पताल की नियमित स्वैच्छिक रक्तदान पहल की भी प्रशंसा की और बताया कि यह संस्थान हर महीने बड़ी संख्या में ब्लड यूनिट्स एकत्र करता है, जो इमरजेंसी और क्रिटिकल केयर मरीजों के लिए बेहद उपयोगी साबित होता है।
सरकार की प्रतिबद्धता
डॉ. पंकज कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि सरकार सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के साथ ही समाज के कमजोर वर्गों, खासकर वरिष्ठ नागरिकों के लिए लगातार बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित कर रही है।













