महिला सशक्तिकरण और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की सुरक्षा को मिलेगी नई गति
नई दिल्ली, 26 जुलाई 2026: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण, उनके सशक्तिकरण तथा अल्पसंख्यक समुदायों के कल्याण व संवैधानिक अधिकारों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिल्ली महिला आयोग और दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग का गठन कर दिया है। दोनों आयोगों में अध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में लता गुप्ता की नियुक्ति की गई है। आयोग के सदस्यों में श्याम बाला, मालती वर्मा, लता सोढ़ी, सनरीका शर्मा झा और रेणु भल्ला को शामिल किया गया है।
दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष के रूप में निर्मल जैन की नियुक्ति हुई है। आयोग के सदस्यों में कुलदीप सिंह और मोहम्मद हारून को नामित किया गया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सुशासन, नारी सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास को नई दिशा मिली है। दिल्ली सरकार उसी विजन को आगे बढ़ाते हुए यह सुनिश्चित कर रही है कि महिलाओं तथा अल्पसंख्यक समुदायों को उनके अधिकारों की प्रभावी सुरक्षा, सम्मानजनक अवसर और समयबद्ध न्याय उपलब्ध हो।
उन्होंने कहा कि दिल्ली महिला आयोग और दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग केवल वैधानिक संस्थाएं नहीं हैं, बल्कि जनविश्वास को सशक्त करने वाले महत्वपूर्ण मंच हैं, जो समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों की आवाज़ को मजबूती प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों आयोगों के अध्यक्ष एवं सदस्य निष्पक्षता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
मुख्यमंत्री के अनुसार दिल्ली सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, उनकी शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा उन्हें न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएगा, जबकि अल्पसंख्यक आयोग अल्पसंख्यक समुदायों के हितों की रक्षा, उनके कल्याण एवं समावेशी विकास को गति प्रदान करेगा।












