दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता बोलीं- प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिखी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली, 27 जून 2026: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने शनिवार को नरेला के रामदेव चौक स्थित कम्फर्ट जोन में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में प्रमुख रूप से भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल के उपलक्ष्य में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में देश ने अंत्योदय और आत्मनिर्भरता की स्वर्णिम इबारत लिखी है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में जोर दिया कि पिछले 12 वर्षों में भारत न केवल वैश्विक पटल पर आर्थिक और कूटनीतिक रूप से मजबूत शक्ति बनकर उभरा है, बल्कि डिजिटल क्रांति, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

आयुष्मान भारत समेत कई योजनाओं का जिक्र…

इस अवसर पर उत्तर पश्चिमी दिल्ली से सांसद योगेन्द्र चंदोलिया, नरेला विधायक राज कारण खत्री सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना और स्वनिधि जैसी केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने करोड़ों नागरिकों के जीवन को गरिमापूर्ण और सुगम बनाया है।

नरेला और बाहरी दिल्ली का विकास…

नरेला और बाहरी दिल्ली के विकास पर फोकस करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, औद्योगिक प्रगति और नागरिक सुविधाओं को और बेहतर करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि मात्र सवा वर्ष में नरेला विधानसभा क्षेत्र में लगभग 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। इनमें सड़क, नाली, स्वास्थ्य, शिक्षा और सार्वजनिक परिवहन से जुड़ी अनेक परियोजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “नरेला दिल्ली की सबसे बड़ी विधानसभाओं में से एक है और लंबे समय तक विकास से वंचित रही। हमारी सरकार इस स्थिति को बदलने के लिए तेजी से काम कर रही है।”

प्रमुख विकास परियोजनाएं…

क्षेत्र में 8 आयुष्मान आरोग्य मंदिर और 2 अटल कैंटीन का निर्माण

गांवों में सड़क निर्माण

बेहतर परिवहन सुविधाएं

नरेला में 1,350 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय की स्थापना (भूमि खरीद पूरी)

रिठाला-कुंडली वाया नरेला मेट्रो कॉरिडोर के लिए 5,000 करोड़ रुपये स्वीकृत

मुख्यमंत्री ने नरेला की स्थानीय जरूरतों जैसे बाईपास, फुटओवर ब्रिज, बालिका कॉलेज और अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया। उन्होंने सांसद, विधायक, पार्षद और जिला संगठन के साथ पूर्ण समन्वय बनाकर सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का संकल्प लिया।

विकसित भारत 2047 का आह्वान…

अंत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने युवाओं, महिलाओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे ‘विकसित भारत 2047’ मिशन के तहत भारत को पूर्ण विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र बनाने में अपना योगदान दें।

Leave a Comment

और पढ़ें