पटना, 04 अगस्त 2026: मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना के दानापुर स्थित नासरीगंज घाट से पानापुर घाट के बीच निःशुल्क स्टीमर (फेरी) परिचालन सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर इस सेवा को शुरू किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने मुख्यमंत्री को स्टीमर फेरी सेवा की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने स्टीमर का निरीक्षण भी किया और सवार लोगों से मुलाकात की। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं और आम लोगों ने पुष्प गुच्छ एवं फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नासरीगंज-पानापुर स्टीमर फेरी सेवा से आवागमन काफी सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क है।
इस फेरी सेवा से दानापुर प्रखंड के दियारा क्षेत्र की 6 ग्राम पंचायतों—पुरानी पानापुर, मानस, कासिमचक, हेतनपुर, गंगहारा और पतलापुर—के 66 हजार से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। गंगा पार आवागमन में सहूलियत होने से किसानों, सब्जी-फल एवं दुग्ध उत्पादकों-विक्रेताओं को बाजार तक पहुंच आसान होगी। इससे स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन मिलेगा और आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी।
दियारा क्षेत्र में वर्तमान में 58 विद्यालय संचालित हैं, जहां 553 शिक्षक एवं कर्मी कार्यरत हैं। साथ ही 95 आंगनबाड़ी केंद्रों में 190 सेविका-सहायिकाएं, 3 स्वास्थ्य उपकेंद्र तथा पंचायत कार्यालय भी चल रहे हैं। फेरी सेवा शुरू होने से इन संस्थानों के कर्मियों को कार्यस्थल तक आने-जाने में आसानी होगी।
दियारा क्षेत्र से दानापुर तक आवागमन के लिए गंगा नदी पर पीपा पुल सामान्यतः नवंबर से 15 जून तक ही संचालित होता है। शेष अवधि में पीपा पुल हटा दिए जाने के कारण मानसून के दौरान लोगों को काफी कठिनाइयों और जोखिम का सामना करना पड़ता था। अब स्टीमर फेरी सेवा से मानसून के दौरान भी आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सकेगा। जल परिवहन के बेहतर उपयोग से गंगा के दोनों ओर रहने वाले लोगों को एक अतिरिक्त सुविधाजनक विकल्प भी उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री श्री रामकृपाल यादव, विधान पार्षद श्रीमती अनामिका सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।












