उर्वरक कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई: मोतिहारी के डीएओ को तत्काल मुख्यालय बुलाया गया, कई लाइसेंस निलंबित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना: कृषि निदेशक, बिहार द्वारा मोतिहारी में उर्वरक एवं बीज प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उर्वरक की कालाबाजारी, जमाखोरी और निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।

संयुक्त कृषि भवन, मोतिहारी में कृषि निदेशक श्री मुकेश कुमार लाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक के बाद संयुक्त टीम और उड़दस्ता दल ने जिले के विभिन्न उर्वरक एवं बीज प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। कार्रवाई में छह उर्वरक प्रतिष्ठानों तथा एक बीज विक्रेता एवं कीटनाशी प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। कई अन्य दुकानों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

माननीय कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जिला कृषि पदाधिकारी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय, पटना में योगदान करने का निदेश दिया है। श्री मृणाल शास्त्री, सहायक निदेशक (शस्य) को जिला कृषि पदाधिकारी, मोतिहारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

मंत्री ने अधिकारियों को नियमित एवं सघन छापेमारी अभियान जारी रखने का निर्देश दिया है, ताकि किसानों को निर्धारित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और उर्वरक वितरण में अनियमितता करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें