वाराणसी/नई दिल्ली, 19 जुलाई 2026: अनादि, अविनाशी और मोक्षदायिनी काशी में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने रविवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर बाबा श्री काशी विश्वनाथ और काशी के कोतवाल श्री काल भैरव के दरबार में सपरिवार पूजा-अर्चना की। उन्होंने बाबा विश्वनाथ के श्रीचरणों में जलाभिषेक कर देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और भारत के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बाबा काशी विश्वनाथ एवं श्री काल भैरव से प्रार्थना की कि उनकी असीम कृपा सभी पर बनी रहे। उन्होंने कहा, “प्रत्येक नागरिक के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और मंगल का वास हो। भारत निरंतर वैभव, यश और नई उपलब्धियों के शिखरों को स्पर्श करता रहे तथा सेवा, सुशासन और लोककल्याण की भावना जन-जन के जीवन को आलोकित करती रहे।”
“काशी भारत की सनातन चेतना का शाश्वत प्रकाश है”
मुख्यमंत्री ने काशी की महत्ता पर बोलते हुए कहा, “काशी केवल एक प्राचीन नगरी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और आस्था की जीवंत धरोहर है। यहां हर कण में शिव हैं, हर श्वास में भक्ति है और हर पग पर अध्यात्म का स्पंदन अनुभव होता है। बाबा विश्वनाथ की कृपा और श्री काल भैरव जी का संरक्षण अनादिकाल से इस पावन धरा और इसके भक्तों का संबल रहा है।”
उन्होंने सपरिवार बाबा विश्वनाथ के श्रीचरणों में जलाभिषेक एवं विधिवत पूजन-अर्चन को अपने लिए अत्यंत भावपूर्ण और अविस्मरणीय क्षण बताया। रेखा गुप्ता ने कहा कि काशी आज अपनी सनातन चेतना और नव्य भव्यता के साथ पूरे विश्व को आस्था, अध्यात्म और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संदेश दे रही है।
मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ धाम की दिव्यता, गंगा तट से बाबा के दरबार तक के भव्य विस्तार और चारों ओर गूंजते ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष की सराहना की। उन्होंने कहा कि काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा प्रत्येक श्रद्धालु को सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
अंत में बाबा विश्वनाथ के श्रीचरणों में नमन करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रार्थना की कि उनका आशीर्वाद पूरे देश पर सदैव बना रहे और भारत विकास, समृद्धि तथा राष्ट्र सेवा के नए आयाम स्थापित करता रहे।












