नई दिल्ली, 6 जुलाई 2026
दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने सोमवार को लोक निवास में ‘बाल संरक्षण माह’ के अंतर्गत चल रहे कार्यक्रमों, अभियानों और सुरक्षा उपायों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में बच्चों को सुरक्षित और संवेदनशील माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। दोनों नेताओं ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रयासों में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस आयुक्त, शिक्षा सचिव, महिला एवं बाल विकास सचिव समेत वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
प्रमुख फैसले और निर्देश:
स्कूलों में बाल संरक्षण समितियां: दिल्ली के सभी 5,633 स्कूलों (1,077 दिल्ली सरकार, 198 सहायता प्राप्त, 2,612 MCD/NDMC/छावनी बोर्ड और 1,746 प्राइवेट स्कूल) में महीने के अंत तक बाल संरक्षण समितियों का गठन सुनिश्चित किया जाएगा।
पॉक्सो जागरूकता अभियान: आंगनवाड़ी से लेकर बाल देखभाल संस्थानों (CCI) तक व्यापक अभियान चलेगा। वीडियो, मोबाइल जागरूकता वाहन और प्रचार सामग्री का इस्तेमाल होगा।
प्रशिक्षण और जागरूकता: शिक्षकों, मुख्य प्रशिक्षकों और कर्मचारियों को पॉक्सो अधिनियम के तहत प्रशिक्षण। लगभग 1,000 शिक्षा एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन परामर्शदाता बच्चों को सुरक्षित-असुरक्षित स्पर्श, लैंगिक संवेदनशीलता और व्यक्तिगत सीमाओं के बारे में जागरूक कर रहे हैं। हर स्कूल में ऐसे परामर्शदाताओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
संयुक्त निरीक्षण दल: अभिभावकों, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, दिल्ली पुलिस और स्कूल प्रमुखों के साथ संयुक्त दल बनाकर सभी स्कूलों का निरीक्षण होगा।
दिल्ली पुलिस की भूमिका: प्रत्येक जिले में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नोडल अधिकारी नियुक्त। स्कूलों, पार्कों, झुग्गी बस्तियों और बाल देखभाल संस्थानों में विशेष अभियान। लापता बच्चों और बेघर बच्चों की सुरक्षा पर फोकस।
स्थायी व्यवस्था: सभी कार्यक्रम केवल जुलाई माह तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि नियमित और स्थायी कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाए जाएंगे।
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित और संवेदनशील माहौल मिले, इसके लिए सभी प्रयास किए जाएं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “दिल्ली सरकार बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मजबूत समन्वय और समयबद्ध क्रियान्वयन से हम राजधानी के हर बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक और भरोसेमंद वातावरण प्रदान करेंगे।










