दिल्ली में शुरू हुआ ‘स्टॉप डायरिया अभियान 2026’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बच्चों को डायरिया से बचाने की मुहिम की शुरुआत, ORS-जिंक वितरित किए; SVBP अस्पताल में मॉडल न्यूट्रिशन सेंटर का उद्घाटन

नई दिल्ली, 23 जून 2026: दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने मंगलवार को ‘स्टॉप डायरिया अभियान 2026’ की औपचारिक शुरुआत की। अभियान के तहत बच्चों और अभिभावकों को मुफ्त ORS पैकेट और जिंक गोलियां वितरित की जा रही हैं। यह अभियान 31 जुलाई तक चलेगा।

मंत्री ने कहा, “डायरिया एक सामान्य बीमारी लगती है, लेकिन बच्चों के लिए इसके परिणाम गंभीर हो सकते हैं। जागरूकता, समय पर उपचार और बेहतर पोषण सेवाओं से हम बच्चों की मौतों को रोके सकते हैं।”

SVBP अस्पताल में नया न्यूट्रिशन सेंटर शुरू…

अभियान के शुभारंभ के साथ ही डॉ. पंकज कुमार सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल (SVBP) अस्पताल में मॉडल इंटीग्रेटेड न्यूट्रिशन सेंटर का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस केंद्र में एलोपैथी, आयुष, होम्योपैथी, यूनानी और योग जैसी विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों को एकीकृत किया गया है।

मंत्री ने कहा, “यह केंद्र दिल्ली में पोषण सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अभिनव कदम है। हमारा लक्ष्य है कि दिल्ली के हर जिले में कम से कम एक ऐसा केंद्र स्थापित किया जाए, ताकि गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों को समग्र स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।”

गर्भकालीन मधुमेह और सेप्सिस पर नए SOP जारी

इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने गर्भकालीन मधुमेह (GDM) और गर्भावस्था व प्रसवोत्तर सेप्सिस के प्रबंधन के लिए साक्ष्य-आधारित मानक संचालन प्रक्रियाएं (SOP) जारी कीं तथा क्लिनिकल एल्गोरिद्म का विमोचन किया।

डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि ये दिशा-निर्देश स्वास्थ्यकर्मियों को उच्च गुणवत्ता वाली मातृ स्वास्थ्य सेवाएं देने में मदद करेंगे। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत करने के लिए दिल्ली सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

शिशु मृत्यु दर को समाप्त करने का लक्ष्य…

मंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार राजधानी में शिशु मृत्यु दर को समाप्त करने का लक्ष्य रखती है। इसके लिए सभी जिलों में एकीकृत स्वास्थ्य सेवा मॉडल शुरू किया जाएगा। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की कि वे हर परिवार तक डायरिया रोकथाम की जानकारी पहुंचाएं।

“मानसून में डायरिया और जलजनित रोग बढ़ते हैं। स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और ORS-जिंक के सही उपयोग से हम हजारों बच्चों का जीवन बचा सकते हैं,” उन्होंने कहा।

कार्यक्रम में परिवार कल्याण निदेशक डॉ. ए. जी. राधिका, महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

डॉ. पंकज कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में चल रहे स्वास्थ्य सुधार कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया और सभी हितधारकों से इस अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील की।

Leave a Comment

और पढ़ें