नई दिल्ली: भारत के सार्वजनिक सेवा प्रसारक दूरदर्शन का कृषि समर्पित चैनल डीडी किसान देशभर के किसानों को सूचना, जागरूकता और सशक्तिकरण प्रदान करते हुए अपने सफल 11 वर्ष पूरे कर चुका है।
डीडी किसान पिछले 11 वर्षों से लगातार किसानों तक कृषि क्षेत्र की नवीनतम जानकारी, आधुनिक खेती की तकनीकें, सरकारी योजनाओं का विवरण, मौसम पूर्वानुमान, पशुपालन, जैविक खेती और ग्रामीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी ढंग से पहुंचा रहा है। इस दौरान चैनल ने किसानों और ग्रामीण समुदायों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
चैनल के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में चैनल की उपलब्धियों, किसान हित में किए गए प्रयासों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी जाएगी।
इस अवसर पर दूरदर्शन एवं डीडी किसान परिवार का कहना है कि यह विशेष कार्यक्रम देश के किसानों के प्रति चैनल की अटूट प्रतिबद्धता को और मजबूत करने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में जनजागरूकता बढ़ाने का माध्यम बनेगा।
डीडी किसान परिवार ने मीडिया संस्थानों, डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म्स और पत्रकार बंधुओं से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण अवसर को व्यापक रूप से प्रकाशित और प्रसारित करें, ताकि अधिक से अधिक किसानों तक यह संदेश पहुंच सके।
डीडी किसान 24×7 प्रसारित होने वाला देश का प्रमुख कृषि चैनल है, जो किसानों की आवाज को राष्ट्र तक पहुंचाने और कृषि विकास में योगदान देने के उद्देश्य से शुरू किया गया था।












