टोक्यो में आयोजित विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मेरठ की प्रियंका गोस्वामी ने 35 किमी रेस वॉक में 24वां स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में मेरठ की ही पारुल चौधरी 3000 मीटर स्टीपलचेज़ और अन्नू रानी भाला फेंक में हिस्सा लेंगी। गर्मी के कारण आयोजकों ने रेस की शुरुआत निर्धारित समय से आधा घंटा पहले की। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुनियाभर से 2000 से अधिक एथलीट भाग ले रहे हैं।
उन्होंने यह रेस 3 घंटे 5 मिनट 58 सेकंड (3:05:58) में पूरी की, इस स्पर्धा में स्पेन की मारिया पेरेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2:39:01 घंटे में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इटली की एंटोनेला पालमिसानो ने 2:42:24 घंटे में रेस पूरी कर रजत पदक जीता, जबकि इक्वाडोर की पाउला मिलेना टोरेस ने 2:42:44 घंटे के साथ कांस्य पदक हासिल किया। प्रियंका, स्वर्ण पदक विजेता मारिया पेरेज से लगभग 26 मिनट पीछे रहीं। इस स्पर्धा में कुल 47 एथलीट शामिल थीं, जिनमें से 38 ने रेस पूरी की। वहीं पुरुषों की 35 किमी रेस वॉक में भारत के प्रतिभागी 23वें स्थान पर रहे।
प्रियंका गोस्वामी की प्रतिक्रिया…
रेस के बाद प्रियंका ने कहा:
“मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की, लेकिन यह मेरी उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा काफी कठिन होती है। मैं अब अपनी गलतियों से सीखकर अगली चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करूंगी। देश के लिए खेलना हमेशा गर्व की बात है।”
