मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिल्ली सफाई कर्मचारी आयोग का पुनर्गठन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिल्ली सरकार ने जनहित और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए दिल्ली सफाई कर्मचारी आयोग का पुनर्गठन किया है। आयोग में अनुभवी और योग्य व्यक्तियों की नियुक्ति कर इसके कार्यों को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुख बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा हो और सफाई कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े संस्थागत ढांचे को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

दिल्ली सरकार ने दिल्ली आयोग सफाई कर्मचारी के पुनर्गठन के तहत सुश्री सुनीता कांगड़ा को आयोग की अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही श्री मनोज कुमार और श्री सुशांत सागर को आयोग का अंशकालिक सदस्य नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के कल्याण, उनके अधिकारों की सुरक्षा और उनसे जुड़े मुद्दों के प्रभावी समाधान के लिए दिल्ली आयोग सफाई कर्मचारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इन नियुक्तियों से आयोग अधिक सक्रिय, प्रभावी एवं जनोन्मुख होकर कार्य करेगा तथा सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी। साथ ही, इससे दिल्ली में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और जनसेवा को भी मजबूती मिलेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें