यूजीसी-नेट 2026: अंग्रेजी, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की परीक्षा रद्द, एनटीए सितंबर में दोबारा कराएगा एग्जाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी-नेट जून 2026 परीक्षा के तीन विषयों—अंग्रेजी, कॉमर्स और सोशियोलॉजी—की परीक्षा रद्द कर दी है। एजेंसी ने इन विषयों के प्रश्नपत्रों में कई गंभीर त्रुटियां पाए जाने के बाद 9 और 10 सितंबर 2026 को दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है।

एनटीए ने 22 से 30 जून 2026 के बीच कुल 87 विषयों की परीक्षा आयोजित की थी। परीक्षा के बाद अंग्रेजी, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के पेपरों को लेकर छात्रों से कई शिकायतें आईं। इसके बाद एनटीए ने एक कमेटी गठित की। कमेटी ने जांच में पाया कि इन तीनों पेपरों में तथ्यात्मक, टाइपिंग, अनुवाद संबंधी कई गलतियां थीं। इनमें प्रमुख विद्वानों के नामों की गलत स्पेलिंग (जैसे रिट्जर को ‘पुट्जर’, घुर्ये को ‘घुन्ये’, पार्सन्स को ‘पारसो’ आदि), किताबों के गलत शीर्षक, सवालों की भाषा में गलतियां, व्याकरण की त्रुटियां, लिंग-वचन संबंधी गलतियां और पिछले वर्षों के कई सवालों की दोहराव शामिल थी।

कमेटी ने साफ कहा कि इतनी बड़ी संख्या में त्रुटियां होने के कारण सिर्फ कुछ सवाल हटाने से परीक्षा को निष्पक्ष और त्रुटिरहित नहीं बनाया जा सकता। इसलिए इन तीन विषयों की परीक्षा दोबारा कराने की सिफारिश की गई।

नई परीक्षा का शेड्यूल

अंग्रेजी: 9 सितंबर 2026, शिफ्ट-1 (सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक)

कॉमर्स: 9 सितंबर 2026, शिफ्ट-2 (दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक)

सोशियोलॉजी: 10 सितंबर 2026, शिफ्ट-1 (सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक)

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि इन तीन विषयों के उम्मीदवारों से दोबारा कोई परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। परीक्षा शहर, केंद्र और एडमिट कार्ड की जानकारी बाद में आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से जारी की जाएगी। बाकी 84 विषयों के परिणाम निर्धारित समय पर घोषित किए जाएंगे और इन तीन विषयों में सीट आवंटन की संख्या में कोई कटौती नहीं की जाएगी।

यह फैसला एनटीए की विश्वसनीयता पर एक बार फिर सवाल खड़े करता है। इससे पहले भी एजेंसी परीक्षाओं में गड़बड़ियों के आरोपों का सामना कर चुकी है। हजारों छात्रों को लगभग दो महीने बाद दोबारा परीक्षा देनी होगी, जिससे उनकी पढ़ाई और करियर योजना प्रभावित हो सकती है।

अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर नोटिस चेक करें।

Leave a Comment

और पढ़ें