अभय वर्मा ने कहा- जो बेटियों को कुछ नहीं दे सके, वे आज उनकी मुस्कान पर भी सवाल उठा रहे हैं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली सरकार के मुख्य प्रवक्ता अभय वर्मा ने आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज द्वारा सरकारी स्कूलों की छात्राओं को दी गई साइकिलों की खरीद पर लगाए गए आरोपों को तथ्यहीन, भ्रामक और राजनीतिक निराशा का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन व्यवस्था स्थापित होने के बाद विपक्ष के पास जनहित के मुद्दे नहीं बचे हैं, इसलिए वह हर कल्याणकारी योजना को विवादित बनाने की कोशिश कर रहा है।

अभय वर्मा ने कहा कि दिल्ली के राजनीतिक इतिहास में पहली बार सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाली नौवीं कक्षा की छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें उपलब्ध कराई गई हैं। इस योजना से हजारों बेटियों के लिए स्कूल तक पहुंचना आसान हुआ है, समय और पैसे दोनों की बचत हुई है तथा अभिभावकों में संतोष का माहौल बना है। उन्होंने जोर दिया कि जब एक बेटी की शिक्षा आसान होती है तो उसका फायदा पूरे परिवार और समाज को मिलता है।

प्रवक्ता ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि दिल्ली की बच्चियों के चेहरे पर आई मुस्कान भी आम आदमी पार्टी के नेताओं को स्वीकार नहीं हो रही। जो लोग वर्षों तक दिल्ली की बेटियों के लिए ऐसी कोई योजना नहीं ला सके, वे आज पहली बार शुरू की गई इस पहल पर भी निराधार आरोप लगा रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि साइकिलों की खरीद भारत सरकार के जीईएम पोर्टल (Government e-Marketplace) के माध्यम से निर्धारित नियमों और पूर्ण पारदर्शिता के साथ की गई है। यह पोर्टल सरकारी खरीद का आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया से खरीद होती है। ऐसे में भ्रष्टाचार के आरोप तथ्यों से परे हैं और केवल राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास हैं।

मुख्य प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार का पूरा फोकस गरीब, मध्यम वर्ग, महिलाओं और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने पर है। पात्र परिवारों के राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं, ‘जहां झुग्गी, वहां मकान’ का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है, अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए आरोग्य मंदिर स्थापित किए जा रहे हैं।

अभय वर्मा ने कहा कि दिल्ली की बच्चियों की एक महत्वपूर्ण योजना पर सवाल उठाना न सिर्फ भ्रामक है, बल्कि उन हजारों छात्राओं और उनके परिवारों का भी अपमान है जिन्हें इस योजना से वास्तविक लाभ मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी का राजनीतिक चरित्र हमेशा नकारात्मक राजनीति पर आधारित रहा है। जनता अब इस तरह की राजनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है और विकास तथा सुशासन के पक्ष में अपना फैसला दे चुकी है।

Leave a Comment

और पढ़ें