नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने नागरिकों और व्यवसायियों को और तेज, पारदर्शी तथा आसान सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज घोषणा की कि सिंगल विंडो सिस्टम की 84 सेवाओं में आवेदन निपटारे का समय काफी कम कर दिया गया है। कुछ सेवाएं अब तुरंत (तत्काल) उपलब्ध हो जाएंगी।
डिरेगुलेशन एक्सरसाइज-फेज II के तहत 18 विभागों की 95 प्रमुख सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा किए गए इस अध्ययन का मकसद सेवाओं के आवेदन से लेकर मंजूरी तक लगने वाले समय को कम करना था। समीक्षा के बाद प्रक्रियाओं में जरूरी सुधार किए गए, जिससे 84 सेवाओं का निपटारा अब पहले से बहुत तेज हो गया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बयान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “हमारा लक्ष्य लोगों और कारोबारियों को सरकारी सेवाएं पहले से ज्यादा तेज, आसान और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है। सिंगल विंडो सिस्टम एक ही प्लेटफॉर्म पर विभिन्न लाइसेंस, परमिट, अनुमोदन और क्लीयरेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन और प्राप्ति की सुविधा देता है। इस डिरेगुलेशन अभियान से दिल्ली में कारोबार करना और आसान होगा तथा सरकारी प्रक्रियाएं नागरिक-केंद्रित बनेंगी।”
सरकार का विशेष जोर डिजिटल गवर्नेंस, प्रक्रिया सुधार और बेहतर कार्यप्रणाली पर है। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग लगातार डिजिटल तकनीक के जरिए सेवाओं को और प्रभावी बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
यह पहल दिल्ली को व्यवसाय के लिए अनुकूल बनाने और नागरिकों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।











