NEET परीक्षा में दिल्ली सरकार की अनोखी पहल: 45,000 अभिभावक-परीक्षार्थियों को मिली कूलिंग जोन और फ्री बस सुविधा की राहत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली: दिल्ली में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) रविवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए दिल्ली सरकार द्वारा किए गए विशेष प्रबंधों को व्यापक सराहना मिल रही है। लगभग 45,000 अभिभावकों और परीक्षार्थियों ने कूलिंग जोन और डीटीसी की निःशुल्क यात्रा सुविधा का लाभ उठाया।

मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि परीक्षा के दौरान प्राप्त फीडबैक से स्पष्ट है कि सरकार की इन व्यवस्थाओं ने विद्यार्थियों और उनके परिवारों को बड़ी राहत दी। उन्होंने इसे देश में एक नई पहल बताया और कई विभागों के समन्वित प्रयास की सराहना की।

विशेष प्रबंधों की खासियतें

परीक्षा से पहले दिल्ली सरकार ने सुनिश्चित किया कि किसी भी परीक्षार्थी को परिवहन की समस्या न हो और अभिभावकों को भीषण गर्मी में परेशानी न झेलनी पड़े। इसके लिए:

सभी NEET अभ्यर्थियों को डीटीसी बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

राजधानी के 97 परीक्षा केंद्रों के बाहर विशेष कूलिंग जोन स्थापित किए गए।

इन कूलिंग जोनों में बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, ओआरएस, शिकंजी, चाय और प्राथमिक चिकित्सा की सुविधाएं उपलब्ध थीं। अभिभावकों ने इन व्यवस्थाओं की खूब तारीफ की और कहा कि लंबे इंतजार के दौरान भी उन्हें आराम मिला।

विद्यार्थियों ने बताया कि फ्री बस सुविधा से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में मदद मिली और परिवहन की चिंता कम हुई।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा,

“प्रतियोगी परीक्षाएं युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होती हैं। ऐसे अवसरों पर सरकार का दायित्व केवल प्रशासनिक व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि परीक्षार्थियों और उनके परिवारों की वास्तविक जरूरतों को समझते हुए उन्हें सहयोग देना भी है। जब अभिभावक निश्चिंत रहते हैं तो विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है।”

उन्होंने जिला प्रशासन, परिवहन विभाग, डीटीसी, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य एजेंसियों के कर्मचारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी विभागों के समन्वय से यह सफलता मिली। दिल्ली सरकार शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देती है तथा भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रखेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें