नई दिल्ली | दिल्ली सरकार द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जन कल्याण शिविरों (18 से 20 जून) के दूसरे दिन दिल्लीवासियों का उत्साह देखते ही बनता है। विभिन्न केंद्रों पर रिकॉर्ड 28,107 नागरिक पहुंचे और सरकारी योजनाओं व सेवाओं का सीधा लाभ उठाया। पहले दिन 15,866 लोगों ने भाग लिया था। अब तक दो दिनों में कुल 43,973 नागरिकों ने इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन किए हैं।
त्रिलोकपुरी, गोकलपुर, सावित्री नगर, ईस्ट लोनी रोड, नजफगढ़ स्टेडियम, विकासपुरी और राजौरी गार्डन जैसे प्रमुख केंद्रों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। त्रिलोकपुरी केंद्र दूसरे दिन भी सबसे आगे रहा जहां 1,349 नागरिक पहुंचे। गोकलपुर में 1,335, सावित्री नगर में 1,253, ईस्ट लोनी रोड में 1,246, राजौरी गार्डन में 1,130, नजफगढ़ में 1,121 और विकासपुरी में 1,051 लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बयान…
मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने इस भारी जनभागीदारी पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा,
“यह व्यापक समर्थन इस बात का प्रमाण है कि दिल्ली सरकार जनसेवा को जनता के द्वार तक पहुंचाने में पूरी तरह सफल रही है। जब लोगों को घर के पास ही सभी विभागों के अधिकारी एक छत के नीचे मिल जाते हैं तो उनका समय और भागदौड़ दोनों बचती है।”
मौके पर हो रहा है त्वरित समाधान…
शिविरों में नागरिक मुख्य रूप से इन सेवाओं का लाभ लेने पहुंच रहे हैं:
राशन कार्ड
आयुष्मान कार्ड
वृद्ध व विधवा पेंशन
नए जल कनेक्शन
आधार पंजीकरण
ई-श्रम कार्ड
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना
विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर ही दस्तावेजों की जांच कर तुरंत प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के कड़े निर्देश पर नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।












